शहर के कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को कलेक्टर सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में विभागीय कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर सुशील कुमार यादव ने संपर्क पोर्टल, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित की जाने वाली गतिविधियों पर विचार विमर्श किया, साथ ही आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर सुशील कुमार यादव ने जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि तारबंदी योजना का व्यापक प्रचार प्रसार कर लक्ष्यानुरूप काश्तकारों को आवेदन को प्रोत्साहित करें। यादव ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागीय दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित की जाने वाली गतिविधियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। यादव ने इन कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित, जनभागीदारी पूर्ण एवं सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने विभाग की ओर से आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों को पोर्टल पर नियमित अपडेट करें। इस दौरान एडीएम भुवनेश्वरसिंह चौहान ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। बैठक में एसीईओ हीराराम कलबी, सीएमएचओ डॉ. वांकाराम चौधरी, पीएमओ डॉ. संदीप देवात, नगर परिषद आयुक्त रामकिशोर मेहता, जलदाय विभाग एसई बाबूलाल मीणा, डीएसओ हजारीलाल आलोरिया, पीडब्ल्यूडी एसई अमृतलाल देवपाल समेत सभी अधिकारी मौजूद रहे।


