बालाघाट के वारासिवनी में एक स्कूल वैन चालक के खिलाफ 8 वर्षीय छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। नगर के सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा के साथ यह घटना 12 जनवरी को दोपहर 2:30 बजे हुई, जब वह सूर्य नमस्कार कार्यक्रम से लौट रही थी। वैन चालक संगम बिसेन ने इस दौरान नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकत की। घर पहुंचने पर बच्ची ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। अगले दिन 13 जनवरी को परिजनों ने पहले स्कूल प्रशासन को सूचित किया और फिर वारासिवनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। स्कूल के प्रभारी प्राचार्य प्रमोद कुमार कुशवाहा ने वाहन मालिक संजय भीमटे को बुलाकर पूरे प्रकरण पर चर्चा की। वारासिवनी एसडीओपी अभिषेक चौधरी बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया।


