प्रतापगढ़ पुलिस ने 130 ग्राम अफीम जब्त की है। सालमगढ थाना पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया और अफीम परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। ये कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और थानाधिकारी दीपक कुमार के नेतृत्व में की गई। थानाधिकारी दीपक कुमार अपनी टीम के साथ पिंगथली फंटे पर गश्त कर रहे थे, तभी उन्हें अचनारा की तरफ से एक मोटरसाइकिल आती हुई दिखाई दी। पुलिस जाप्ते को देखकर मोटरसाइकिल चालक वापस अचनारा की ओर मुड़ने लगा। पुलिस टीम ने उसे रोका और पूछताछ की। चालक ने अपनी पहचान गोतम (60), निवासी सिराखंड नागदी, थाना अरनोद, जिला प्रतापगढ़ के रूप में बताई। तलाशी के दौरान गोतम के कब्जे से कुल 130 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। आरोपी गोतम को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


