डिंडोरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने मंगलवार शाम शहपुरा जनपद की ग्राम पंचायत कारीगढ़हरी में अधिकारियों के साथ रात्रि चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में सड़क और पानी की समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। ग्रामीणों ने बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी बताई। ग्रामीण बुद्ध सिंह आमों ने बताया कि खेतों में सिंचाई के लिए सिलगी नदी के किनारे बिजली के पोल लगाए जाएं। उन्होंने एक मोहल्ले से दूसरे मोहल्ले तक सड़क निर्माण और पीने के पानी की गंभीर समस्या का भी जिक्र किया। स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि उन्हें मध्याह्न भोजन पकाने के लिए भी एक किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ता है। गांव में हैंडपंप लगे होने के बावजूद उनसे पानी नहीं निकल रहा है, जिससे पेयजल संकट गहरा गया है। चौपाल में कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश कलेक्टर ने चौपाल में ही संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए। उन्होंने पीएचई विभाग के अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सर्वे कर गांव में पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया। खाद्य अधिकारी को शासकीय उचित मूल्य की दुकान के संबंध में निर्देशित किया गया। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सोलर पंप योजना के तहत किसानों को लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना में किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। 26 दिसंबर को पंचायत भवन में पटवारी और रोजगार सहायक किसानों के दस्तावेज तैयार करने में मदद करेंगे। नुक्कड़ नाटक से दिया ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश इस अवसर पर महिला बाल विकास विभाग ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश देने के लिए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने ग्रामीणों को लड़की की शादी 18 वर्ष और लड़के की शादी 21 वर्ष की आयु में करने और गांव को स्वच्छ रखने की शपथ भी दिलाई। रात्रि चौपाल में जनपद अध्यक्ष प्रियंका, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम ऐश्वर्य वर्मा, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक सहित अन्य विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


