गढ़वा | शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सदर एसडीएम संजय कुमार ने एक बार फिर सोमवार देर रात औचक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कोयल व दानरो नदी से अवैध रूप से बालू उत्खनन एवं परिवहन करते हुए आधा दर्जन से अधिक ट्रैक्टरों को पकड़कर जब्त किया गया तथा सभी को गढ़वा थाने के सुपुर्द कर दिया गया। स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार एसडीएम से शिकायत की जा रही थी कि संगठित बालू चोर देर रात तेज गति से ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू का अवैध उठाव कर परिवहन कर रहे हैं, जिससे न केवल आम राह चलते लोगों में भय का माहौल बना हुआ है बल्कि शोर व तेज रफ्तार के कारण लोगों की नींद भी प्रभावित हो रही है।


