भास्कर न्यूज | गढ़वा जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 कार्यक्रम स्थानीय एसएसजेएस नामधारी महाविद्यालय में संपन्न हुआ। इस मौके पर आपातकाल के पचास वर्ष भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में दस प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एनपी विश्वविद्यालय एनएसएस के समन्वयक डॉ प्रदीप कुमार, विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी, वरिष्ठ शिक्षक डॉ. मनोज पाठक, नोडल पदाधिकारी प्रो कमलेश सिन्हा, कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ पुष्पा कुमारी, प्रो जेपी भास्कर आदि ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि डॉ प्रदीप कुमार ने कहा कि विकसित भारत राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण को आकार देने के लिए एक मंच प्रदान करना है। जहां वे राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा कर सकें। उन्होंने इसे कविता के माध्यम से प्रस्तुत किया। विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी ने कहा कि देश के विकास में युवाओं की भागीदारी प्रधानमंत्री की बेहतर सोच है। आज भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई मोदी की सोच है कि हमारे देश के युवा आगे बढ़ें और स्वच्छ तथा सुंदर भारत में योगदान दें। युवा जागेंगे तो देश जगेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो कमलेश सिन्हा ने कहा भारत को विकसित बनाने में युवाओं कि भूमिका अहम है। वरिष्ठ शिक्षक डॉ मनोज पाठक ने महाविद्यालय में इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए आभार जताया। इस मौके पर आयोजित प्रतियोगिता में शिल्पा साक्षी को प्रथम, रवि शंकर को द्वितीय तथा रश्मि कुमारी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं चयनित टॉप टेन में माणिकचंद गुप्ता, रागिनी कुमारी, भागीरथ शुक्ला, चंदन भूषण, सुषमा कुमारी, दीपशिखा पाठक तथा युवराज गुप्ता का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। सबों को मेडल व प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक की भूमिका डॉ प्रदीप कुमार, पामीर सिंह, विवेकानंद तिवारी, डॉ मनोज पाठक ने निभायी। धन्यवाद ज्ञापन माई भारत एनवाईके युवा अधिकारी पामीर सिंह ने किया।


