गढ़वा | सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने मंगलवार को मेराल प्रखंड अंतर्गत गेरुआ धान अधिप्राप्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यहां प्रथम दृष्टया कुछ विसंगतियां सामने आईं। मौके पर 2000 क्विंटल से अधिक धान का भौतिक स्टॉक पाया गया, जबकि अधिप्राप्ति केंद्र के रजिस्टर में मात्र लगभग 800 क्विंटल धान का ही विवरण अंकित था। भौतिक सत्यापन और अभिलेखीय प्रविष्टियों के बीच इस भारी अंतर को गंभीर मानते हुए एसडीएम ने नाराजगी जताई साथ ही पैक्स अध्यक्ष को तत्काल सभी विसंगतियों को दूर करने का निर्देश देते हुये कहा कि धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया को लेकर पूरी पारदर्शिता रखना सुनिश्चित करेंगे।


