केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कल (25 दिसंबर) होने वाले रीवा दौरे में बड़ा बदलाव किया गया है। शहर के अटल पार्क में प्रस्तावित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण का कार्यक्रम प्रशासनिक कारणों से रद्द कर दिया गया है। अब गृह मंत्री का पूरा फोकस बसामन मामा गोवंश ग्राम और वहां होने वाले किसान सम्मेलन पर रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने रीवा आईजी, कलेक्टर और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सुरक्षा और व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं। गौशाला का मॉडल देखेंगे, किसानों से करेंगे संवाद तय कार्यक्रम के मुताबिक, अमित शाह अब सीधे बसामन मामा गोवंश ग्राम पहुंचेंगे। यहां वे प्राकृतिक खेती के मॉडल और गौशालाओं में किए जा रहे नवाचारों का अवलोकन करेंगे। इसके बाद वे परिसर में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे। गृह मंत्री यहां किसानों को जैविक खेती, गोपालन और आय बढ़ाने के तरीकों पर मंत्र देंगे। 4 लाख सालाना कमाता है यह गौ-अभ्यारण्य रीवा का बसामन मामा गोवंश वन्य विहार अपने आप में एक अनोखा मॉडल है। करीब 13-35 हेक्टेयर में फैला यह अभ्यारण्य आत्मनिर्भरता की मिसाल है। यहां न केवल हजारों निराश्रित गायों को आश्रय मिलता है, बल्कि उनके गोबर और गोमूत्र से वर्मी कंपोस्ट, गोनायल (फिनाइल), हैंडवॉश और टॉयलेट क्लीनर जैसे उत्पाद बनाए जाते हैं। इससे अभ्यारण्य को सालाना लगभग 4 लाख रुपए की आमदनी होती है और स्थानीय ग्रामीणों व स्व-सहायता समूहों को रोजगार भी मिल रहा है। CM ने लिया तैयारियों का जायजा दौरे से ठीक पहले मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर प्रतिभा पाल सहित अन्य अफसरों से चर्चा की। बैठक में स्पष्ट किया गया कि शहरी कार्यक्रम हटने के बाद अब पूरा जोर बसामन मामा वाले कार्यक्रम पर रहेगा, इसलिए वहां किसी भी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए।


