छतरपुर जिले में मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत नई मतदाता सूची प्रकाशित की गई। सूची के बाद जिले में कुल 13,72,010 मतदाता हो गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी पार्थ जैसवाल ने भाजपा, कांग्रेस, बसपा, आप और सीपीआई के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची सौंपी। सभी दलों ने विशेष गहन पुनरीक्षण के काम पर संतुष्टि जताई। छतरपुर में अब 1,801 मतदान केंद्र हैं, जिनमें 212 नए शामिल किए गए हैं। मतदाताओं की कुल संख्या 13,72,010 है, जिसमें 7,36,858 पुरुष, 6,35,137 महिला और 15 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। 75 हजार से ज्यादा नाम हटाए गए एएसडीआर सूची के अनुसार 75,169 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इसमें 16,792 मृत, 13,731 अनुपस्थित, 39,408 स्थानांतरित, 4,679 दोहरी प्रविष्टि और 559 अन्य शामिल हैं। SIR के दौरान 10,938 मतदाता मैप नहीं हुए, जिनके लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। नाम जोड़ने और सुधारने का तरीका नई मतदाता सूची अब सभी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध है। अपना नाम ऑनलाइन www.voters.eci.gov.in और www.ceoelection.mp.gov.in पर चेक किया जा सकता है। नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6, गलत नाम हटाने के लिए फॉर्म 7 और सुधार के लिए फॉर्म 8 का इस्तेमाल करें। विशेष रूप से 1 जनवरी 2026 को 18 साल के होने वाले मतदाता फॉर्म 6 भरकर बीएलओ के पास अपना नाम जोड़ सकते हैं।


