मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज आएंगे भिंड:एक घंटे तक रावतपुरा धाम पर रुकेंगे, स्थानीय राजनेताओं से भी होगी मुलाकात

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (बुधवार, 24 दिसंबर) भिंड जिले के लहार विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर आ रहे हैं। उनका यह दौरा धार्मिक और राजनीतिक दोनों ही लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सीएम यहां प्रसिद्ध रावतपुरा सरकार धाम में दर्शन-पूजन करेंगे और संतों से आशीर्वाद लेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। हेलीपैड से लेकर मंदिर परिसर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। लहार विधायक और स्थानीय भाजपा नेताओं द्वारा सीएम के जोरदार स्वागत की तैयारियां की गई हैं। टोला गांव में उतरेंगे, 1 घंटा धाम में रहेंगे जारी दौरा कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्वालियर एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर 3:30 बजे लहार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टोला स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां वे एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके तुरंत बाद वे रावतपुरा सरकार धाम पहुंचेंगे। सीएम यहां मंदिरों में विधि-विधान से दर्शन करेंगे और कथा पंडाल में मौजूद संतों व श्रद्धालुओं से संवाद भी करेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री करीब एक घंटे तक रावतपुरा धाम में रुकेंगे। विधायक करेंगे अगवानी, हेलिपैड तैयार मुख्यमंत्री की अगवानी लहार विधायक अम्बरीष शर्मा ‘गुड्डू’ करेंगे। इस दौरान जिले के भाजपा के बड़े नेता और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे, जो सीएम से मुलाकात करेंगे। प्रशासन ने सीएम की सुरक्षा को लेकर रिहर्सल पूरी कर ली है। मंदिर के सेवादार और पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। आवागमन के लिए रूट डायवर्जन और बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी चाक-चौबंद की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *