डीडवाना-कुचामन पुलिस ने व्यापारी रमेश रूलानिया हत्याकांड में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी साहिल पर हत्या में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार और कारतूस उपलब्ध कराने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा एक नाबालिग को भी डिटने कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। जिम में फायरिंग कर मारी थी गोली
घटना 7 अक्टूबर 2025 की है। प्रार्थी चेनाराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके जीजा रमेश रूलानिया सुबह करीब 5:20 बजे जिम गए थे। जिम के अंदर एक युवक ने उन पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया। उपचार के दौरान रमेश रूलानिया की मौत हो गई थी। जांच के दौरान, पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस उपलब्ध कराने वाले आरोपी साहिल को गिरफ्तार किया। उसे एसीजेएम कोर्ट, कुचामन सिटी में पेश किया गया, जहां से एक दिन का पुलिस रिमांड मिला। रोहित गोदारा के इशारे पर करता था काम
अनुसंधान में खुलासा हुआ कि साहिल और उसके साथी ने जितेंद्र सिंह चारण उर्फ जीतू चारण को रमेश रूलानिया की हत्या के लिए 2 पिस्टल, कारतूस और मैगजीन उपलब्ध कराए थे। बाद में इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल गणपत गुर्जर और अन्य आरोपियों ने जिम में हत्या को अंजाम देने के लिए किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी साहिल रोहित गोदारा और वीरेंद्र सिंह चारण के इशारे पर काम करता था। बेंगलुरु में भी की थी हत्या की कोशिश
पूछताछ में यह भी सामने आया कि साहिल के साथी राहुल ने सितंबर माह में बेंगलुरु में मशहूर कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी की रेकी कर फायरिंग के जरिए हत्या का प्रयास किया था।
आरोपी साहिल के खिलाफ पूर्व में 6 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसने बताया कि वीरेंद्र चारण ने उसे विदेश में सेटल कराने का लालच देकर अपने गिरोह में शामिल किया था।


