डूंगरपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सिंटेक्स के पास एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को डूंगरपुर से उदयपुर रेफर किया गया है। यह हादसा एक अज्ञात वाहन द्वारा बाइक को टक्कर मारने के बाद हुआ। कोतवाली थाना एसआई अशोक कुमार ने बताया कि गोरादा निवासी शंकर भनात ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, उनका बेटा प्रभुलाल (19) और गांव का ही विश्राम (16) पुत्र कबा भनात मंगलवार को विश्राम की बहन के घर देवल गए थे। देर शाम दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। डूंगरपुर से आगे सिंटेक्स तिराहे के पास पहुंचते ही एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सड़क किनारे लगे एक पोल से जा टकराई। इस हादसे में प्रभुलाल और विश्राम दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस से दोनों घायलों को डूंगरपुर अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रभुलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विश्राम की हालत गंभीर होने के कारण उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रभुलाल के शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। बुधवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


