मैहर अमरपाटन थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल की आत्महत्या के मामले में रामनगर पुलिस ने एक महिला अतिथि शिक्षक को गिरफ्तार किया है। चार महीने की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। आरोपी महिला पर पुलिसकर्मी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। रामनगर पुलिस के अनुसार, हेड कॉन्स्टेबल संजय यादव (33), निवासी नारायणपुर-सैय्यदराजा, जिला चंदौली (उत्तर प्रदेश), ने 15 अगस्त की दोपहर रामनगर पुलिस कॉलोनी स्थित अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के समय संजय यादव अमरपाटन थाने में तैनात थे। मानसिक प्रताड़ना से परेशान कॉन्स्टेबल ने की थी आत्महत्या आत्महत्या से पहले संजय यादव ने एक सुसाइड नोट छोड़ा था। इसमें उन्होंने कुंती नामक महिला पर पुरानी जान-पहचान के आधार पर शादी का दबाव बनाने और लगातार धमकाने का आरोप लगाया था। सुसाइड नोट में मानसिक प्रताड़ना के कारण आत्महत्या करने की बात लिखी गई थी। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर फॉरेंसिक लैब में परीक्षण कराया। अंतिम रिपोर्ट मिलने के बाद बीएनएस की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया। मझगवां में पदस्थ अतिथि शिक्षक कुंती गोले (बेल्दार), 35 वर्ष, निवासी बिरसिंहपुर, थाना सभापुर को मंगलवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। शादी के दबाव से बढ़ा मानसिक तनाव मैहर जिला बनने से पहले हेड कॉन्स्टेबल संजय यादव लंबे समय तक संयुक्त सतना जिले में पदस्थ रहे थे। इस दौरान उनकी तैनाती सभापुर थाना में थी, जहां ड्यूटी के दौरान कुंती गोले से उनकी जान-पहचान हुई और बाद में दोस्ती हो गई। बाद में संजय का तबादला रामनगर हो गया, जिससे दोनों के बीच दूरी बढ़ी, लेकिन फोन पर संपर्क बना रहा। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान महिला की ओर से संजय पर शादी का दबाव बनाया जा रहा था, जबकि संजय यादव पहले से विवाहित थे और एक बच्चे के पिता थे। इसी मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।


