खंडवा में फोरलेन कंपनी पर 73 लाख की पेनल्टी:अवैध खनन करते पकड़ी थी पोकलेन और डंपर; अब कलेक्टर कोर्ट करेगा फैसला

खंडवा में ओंकारेश्वर से मोरटक्का तक फोरलेन सड़क बना रही कंपनी पर खनिज विभाग ने शिकंजा कस दिया है। अवैध खनन के मामले में विभाग ने कंपनी पर 73 लाख रुपए की रॉयल्टी और पर्यावरण हर्जाने का आंकलन किया है। खनिज विभाग ने पूरा प्रकरण तैयार कर कलेक्टर कोर्ट में पेश कर दिया है, जहां से जुर्माने की राशि पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। जिला खनिज अधिकारी जगनसिंह भिंडे ने बताया कि अवैध खनन से हुए नुकसान का मूल्यांकन करने पर यह राशि 73 लाख रुपए पाई गई है। मामला 12 दिसंबर का है, जब खनिज इंस्पेक्टर कंचन दांडेकर ने ओंकारेश्वर-मोरटक्का क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की थी। मोरटक्का के पास एक निजी जमीन पर बिना परमिशन के मुरम खोदी जा रही थी। मौके से विभाग ने दो डंपर और एक पोकलेन मशीन जब्त की थी, जिन्हें मांधाता थाने में खड़ा करवाया गया है। पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रही थी कंपनी जांच में सामने आया कि जब्त मशीनें और डंपर केदारेश्वर कंपनी के हैं। वैसे तो यह कंपनी नेशनल हाईवे के तहत धनगांव से बलवाड़ा वाले प्रोजेक्ट का निर्माण कर रही है, लेकिन इसने ओंकारेश्वर रोड का पेटी कॉन्ट्रैक्ट भी लिया हुआ है। इसी काम के लिए कंपनी द्वारा अवैध उत्खनन किया जा रहा था। अब प्रकरण कलेक्टर कोर्ट में है, जहां कंपनी पर भारी जुर्माना लगना तय माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *