बारां शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शाहबाद रोड स्थित शीतला चौक पर खड़ी 2 कारों में अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार एक कार में शॉर्ट सर्किट से आग भड़की। जिसने देखते ही देखते दूसरी कार को भी अपनी चपेट में ले लिया।
इस घटना में एक कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि दूसरी एक्सयूवी कार को भी नुकसान पहुंचा है। लपटें देख मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शीतला चौक पर खड़ी कारों से पहले धुआं निकलता दिखा, जिसके बाद आग की लपटें उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने तुरंत पुलिस व नगर परिषद के अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नगर परिषद के सहायक अग्निशमन अधिकारी रामसिंह मीणा दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी
हालांकि, आग बुझने तक एक वैगनआर कार बुरी तरह जल चुकी थी और पास खड़ी एक्सयूवी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। गनीमत रही कि घटना के समय कारों के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


