उज्जैन में नाबालिग से छेड़छाड़ के बाद तनाव…दुकानों आग लगाई:बजरंग दल ने पिटाई कर पुलिस को सौंपा था; महिदपुर रोड बंद, दुकानों में की तोड़-फोड़

उज्जैन के महिदपुर रोड क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के मामले में ऑटो चालक जुबेर मंसूरी को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया। आरोप है कि पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से नाबालिग को कोचिंग छोड़ने और लाने का काम करता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के मोबाइल फोन से कुछ संदिग्ध वीडियो बरामद हुए हैं। इनकी जांच की जा रही है। बजरंग दल के पदाधिकारियों का दावा है कि मोबाइल में कुल 20 महिलाओं के वीडियो मिले हैं, जिनमें 12 महिलाएं महिदपुर की और 8 आसपास के इलाकों की बताई जा रही हैं। सड़क जाम, जुलूस और मकान तोड़ने की मांग
घटना के बाद बुधवार सुबह से बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने महिदपुर रोड को जाम कर दिया। कार्यकर्ता आरोपी का जुलूस निकालने और उसका घर तोड़ने की मांग कर रहे हैं। इस दौरान जिन दुकानदारों ने दुकानें खोलीं, उनकी दुकानों में तोड़फोड़ किए जाने और आग लगाने की जानकारी सामने आई है। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने स्कूल वाहनों में मुस्लिम ड्राइवरों को हटाने की मांग करते हुए नारेबाजी भी की, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी गिरफ्तार
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और बरामद वीडियो की गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल, क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन पुलिस प्रशासन सतर्कता बनाए हुए है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *