बालोतरा में जोजरी,लूणी नदी में प्रदूषण की जांच:सुप्रीम कोर्ट की टीम पहुंची, डोली-अराबा में स्थिति देखी, औद्योगिक इकाईयों को चेक किया

पश्चिमी राजस्थान की जोजरी, बांडी और लूणी नदियों में फैल रहे प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः: संज्ञान लिया। इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट की टीम बुधवार सुबह 10 बजे बालोतरा पहुंची। इस दौरान कमेटी ने डोली और अराबा सहित प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। वहीं बालोतरा पहुंचने से पहले टीम ने मंगलवार को पाली और जोधपुर जिलों की स्थिति का भी जायजा लिया। लंबे समय से मिल रहीं थीं शिकायतें
बता दें कि लंबे समय से जोधपुर, पाली और बालोतरा जिलों में लूणी और जोजरी नदियों में कपड़ा फैक्ट्रियों द्वारा प्रदूषित पानी छोड़े जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इस प्रदूषण के कारण नदियों का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ गया है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। दूषित पानी से पशु-पक्षियों और जलीय जीवों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। डोली-अराबा गांव पहुंची टीम
बुधवार सुबह जांच कमेटी के अध्यक्ष और सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस संगीत लोढ़ा के नेतृत्व में टीम बालोतरा जिले के डोली-अराबा गांव पहुंची। यहां जोजरी नदी क्षेत्र में फैले प्रदूषण की स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया गया। इस दौरान बालोतरा जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव, प्रदूषण नियंत्रण मंडल के आरआई दीपक तंवर और एसडीएम अशोक कुमार सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। आजीविका को लेकर हो रहे नुकसान की जानकारी दी
निरीक्षण के दौरान, टीम ने नदी में बह रहे दूषित पानी, आसपास के खेतों और स्थानीय ग्रामीणों की समस्याओं का जायजा लिया। ग्रामीणों ने कमेटी के समक्ष अपनी आपबीती बताते हुए प्रदूषण से स्वास्थ्य और आजीविका को हो रहे नुकसान की जानकारी दी। बालोतरा की औद्योगिक इकाई का भी निरीक्षण किया
जानकारी के अनुसार, डोली-अराबा गांव के निरीक्षण के बाद सुप्रीम कोर्ट की यह टीम बालोतरा शहर पहुंची। यहां औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कपड़ा इकाइयों और उनकी अपशिष्ट निस्तारण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। माना जा रहा है कि निरीक्षण के बाद कमेटी अपनी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में पेश करेगी, जिसके आधार पर आगे कड़े निर्देश और कार्रवाई की जा सकती है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट की इस पहल से जोजरी और लूणी नदियों को प्रदूषण से मुक्ति मिलेगी और क्षेत्र में पर्यावरणीय संतुलन फिर से स्थापित हो सकेगा। …… यह भी पढ़ें केमिकल के पानी से लाखों बीघा जमीन बंजर:गंदे पानी से ग्रामीणों में स्किन इंफेक्शन; पीने के पानी के लिए मंगवाना पड़ता है टैंकर जोधपुर के लूणी विधानसभा से विधायक और सरकार में कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने शनिवार को अपने विस क्षेत्र की धवा स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जब वे यहां पहुंचे तो उनके मुंह पर मास्क लगा था।इसका कारण था कि स्कूल के सामने स्थित तालाब में दूषित पानी की बदबू। दरअसल, लूणी के धवा और आसपास इलाके से निकलने वाली लूणी नदी केमिकल के पानी से दूषित हो चुकी है। फैक्ट्रियों से निकलने वाले अनट्रीट पानी की वजह से हालात ये हो गए है कि किसानों की लाखों बीघा जमीन बंजर हो चुकी है। कई लोगों में स्किन से जुड़ी बीमारियां फैल रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *