जिले में पड़ रही तेज सर्दी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने कक्षा एक से पांच तक के स्टूडेंट्स के लिए 14 और 15 जनवरी को अवकाश बढ़ाया है। पहले प्रशासन ने 11 जनवरी तक कक्षा एक सेआठ तक के लिए अवकाश की घोषणा की थी। 12 जनवरी को रविवार और 13 जनवरी को लोहड़ी के उपलक्ष्य में स्थानीय अवकाश घोषित होने के बाद अब जिला प्रशासन ने कक्षा एक से पांच के लिए 14 और 15 जनवरी को अवकाश बढ़ाया है। यह अवकाश केवल स्टूडेंट्स पर लागू होगा। टीचर्स को इस दौरान उपस्थित होना होगा। कक्षा छह से बारह तक के लिए स्कूल टाइम बदला गया है। छह से बारहवीं कक्षा के लिए स्कूल का समय सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर साढ़े तीन बजे तक रहेगा।
जिला कलेक्टर ने जारी किए आदेश
जिला कलेक्टर डॉ.मंजू की ओर से जारी आदेशों में कहा गया है कि सर्दी के मद्देनजर जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों, मदरसों एवं पूर्व प्राथमिक शिक्षा सहित कक्षा एक से पांच तक सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए 14 और 15 जनवरी का अवकाश घोषित किया गया है। अवकाश स्टूडेंट्स के लिए लागू होगा। स्टाफ को स्कूल आना होगा।
इसके अलावा सभी सरकारी और गैर सरकारी शिक्षण संस्थाओं में कक्षा छह से बारह के लिए शिक्षण समय आगामी आदेशों तक साढ़े दस बजे से साढ़े तीन बजे तक रखने के लिए कहा गयाहै। आदेश में कहा गया है कि यह आदेश परीक्षा के संबंध में लागू नहीं होगा। जिला कलेक्टर ने आदेश में कहा है कि किसी संस्था प्रधान के इस अवधि में स्कूल संचालन करते पाए जाने पर संबंधित संस्था प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


