झालावाड़ में हिंदू सम्राट मिहिर भोज प्रतिहार को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। कोर्ट आदेश की अवहेलना करते हुए गुर्जर समाज ने रुन्डलाव चौराहा सुनेल रोड पर ‘गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज’ का बोर्ड लगा दिया है, जिससे तनाव की स्थिति बन गई है। क्षत्रिय करनी सेना ने इस कार्रवाई को प्रशासनिक अधिकारियों और कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है। क्षत्रिय करनी सेना के जिलाध्यक्ष रविन्द्र सिंह चन्द्रावत ने कहा कि गुर्जर समाज की इस हरकत से राजपूत समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और यह उनकी भावनाओं के साथ लगातार किया जा रहा खिलवाड़ है। इस मामले में क्षत्रिय करनी सेना के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए। इस दौरान विशाल सिंह, अजय सिंह, ओम सिंह, नितिन सिंह, दिग्विजय सिंह, मनदीप सिंह, दीपेंद्र सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन से स्पष्ट मांग की गई है कि वह कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए तुरंत उचित कदम उठाए।


