निषाद पार्टी के मंच पर आए आशीष पटेल:बोले- लड़ेंगे तो जीतेंगे; डा. संजय निषाद ने कहा-जिस दिन सीएम योगी आवाज उठाएंगे, आरक्षण मिल जाएगा

एसटीएफ से जान का खतरा बताने वाले कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल सोमवार को निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) के मंच पर आए। इस पार्टी के मुखिया डा. संजय निषाद भाजपा के विभीषणों पर लगातार हमलावर हैं। आशीष पटेल ने मंच से कहा कि आरक्षण डा. संजय निषाद दिला सकते हैं। उन्होंने ‘बंटेंगे तो कटेंगे’, ‘एक हैं तो सेफ हैं’ की तर्ज पर ‘लड़ेंगे तो जीतेंगे’ का नारा दिया। रैली को संबोधित करते हुए डा. संजय निषाद ने एक तरह से निषाद आरक्षण की जिम्मेदारी सीएम योगी आदित्यनाथ के कंधों पर डाल दी। सीएम की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि जिस दिन योगी आदित्यनाथ आवाज उठाएंगे, उस दिन आरक्षण मिल जाएगा।
निषाद पार्टी 13 जनवरी को अपना 12वां स्थापना दिवस मना रही है। अनुसूचित जाति (एससी) का आरक्षण पाने के लिए संकल्पित होने के लिए इसे संकल्प रैली नाम दिया गया था। प्रदेश सरकार के सहयोगी दल निषाद पार्टी एवं अपना दल (एस) की ओर से लगातार नाराजगी भरे बयान सामने आ रहे हैं। ऐसे में एक मंच पर दोनों पार्टियों पहुंचना आगामी चुनाव को लेकर संकेत भी माना जा रहा है। आशीष पटेल ने डा. संजय निषाद के पक्ष में कहा कि वह मछुआ समाज के आरक्षण की लड़ाई के लिए शांत नहीं बैठे हैं बल्कि कैबिनेट में लगातार इसकी आवाज उठा सकते हैं। वही आरक्षण दिला सकते हैं। भाजपा में शामिल कुछ निषाद नेताओं पर हमलावर हैं डा. संजय
डा. संजय निषाद ने कई जिलों में संकल्प यात्रा निकाली है। इसके जरिए वह निषाद समाज के बीच जा रहे हैं। वह लगातार भाजपा में शामिल कुछ निषाद नेताओं पर हमलावर हैं। उन्हें विभीषण की संज्ञा दे रहे हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि ये विभीषण भाजपा की नाव में छेद कर रहे हैं। अपने समाज के लोगों को भी उन नेताओं से सावधान करते नजर आए। अपने बयानों में वह इस बात को स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं कि निषाद पार्टी ही निषादों की असली हितैषी है। उनके दावों को और मजबूत करने के लिए अपना दल (एस) के कार्यकारी अध्यक्ष आशीष पटेल भी रैली में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी पार्टी की ओर से हर सहयोग का भरोसा दिया। डा. संजय ने बांधे सीएम योगी की तारीफों के पुल
रैली के मंच से डा. संजय निषाद ने कहा कि आरक्षण के मुद्दे पर जब लड़ाई लड़ी तो मुझे जेल भेजा गया। उस समय सपा, बसपा, कांग्रेस ने मेरा साथ नहीं दिया था। अगर किसी ने साथ दिया था तो वह योगी आदित्यनाथ हैं। उन्होंने निषादों के आरक्षण का मुद्दा उठाया। मुझे जेल में मारने की कोशिश की गई, बचाने वाले योगी आदित्यनाथ हैं। आपको कोई आरक्षण दिला सकता है तो वह योगी आदित्यनाथ हैं। जिस दिन आवाज उठाएंगे, आपको आरक्षण मिल जाएगा। पउवा नहीं पावर चाहिए
डा. संजय निषाद ने कहा कि हमें पूरा आरक्षण चाहिए। लोग पउआ (शराब) देकर बहलाना चाहते थे। लेकिन निषाद पार्टी को पउवा नहीं पावर चाहिए। निषाद को सताया नहीं जाना चाहिए, उन्हें सुविधा चाहिए। निषाद पार्टी का यह संकल्प है कि निषादों का आरक्षण उन्हें दिलाएंगे। गरीब निषाद के घर चाय पी सकते हैं तो संविधान में परिवर्तन भी कर सकते हैं प्रधानमंत्री
डा. संजय निषाद ने कहा कि निषादों ने राम मंदिर बनवा दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जय निषादराज का नारा लगाया। एक गरीब निषाद के घर चाय पीने गए। यदि गरीब के घर चाय पीकर भला नहीं होगा तो माना जाएगा कि निषादों का उपहास उड़ाया गया। अगर प्रधानमंत्री गरीब निषाद के घर चाय पी सकते हैं तो निषादों के लिए संविधान में परिवर्तन भी कर सकते हैं। आशीष पटेल ने कहा; जो डर गया, वो मर गया
संकल्प रैली में शामिल होने आए आशीष पटेल से जब पूछा गया कि उन्हें जान का खतरा किससे है तो उन्होंने कहा कि यह बात वह पहले बता चुके हैं। सरकार को घेरने के सवाल पर कहा कि हम किसी को नहीं घेरते, घेरने का काम हमारा नहीं है। हम आवाज उठाते हैं। आशीष पटेल को डर लगा रहा है? के जवाब में उन्होंने कहा कि जो डर गया वो मर गया। हम डरने वाले नहीं हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *