झाबुआ के मेघनगर स्थित संत अर्नोल्ड्स स्कूल में क्रिसमस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। इस मौके पर बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों ने प्रभु यीशु के आगमन की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों की ओर से प्रस्तुत नाट्य प्रस्तुति रही, जिसमें प्रभु यीशु के जन्म के संदेश को दर्शाया गया। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए, जिनकी सभी ने सराहना की। मुख्य अतिथि बोले-यीशु दुनिया में प्यार और शांति का पैगाम लेकर आए थे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विनोद बाफना ने अपने संबोधन की शुरुआत देशभक्ति गीत से की। उन्होंने स्कूल के शैक्षणिक स्तर और सांस्कृतिक गतिविधियों की प्रशंसा की। बाफना ने कहा कि प्रभु यीशु दुनिया में प्यार और शांति का पैगाम लेकर आए थे। उन्होंने सभी महापुरुषों के अमन और चैन के संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि यदि संस्थाएं बच्चों को ऐसे संस्कार दें, तो आने वाली पीढ़ी समाज और राष्ट्र के लिए आदर्श बनेगी। उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिदृश्य का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पूरे विश्व में शांति का पैगाम लेकर जा रहे हैं, ताकि दुनिया में भाईचारा बना रहे। इस आयोजन में शहर के वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र सोनगरा, हरिराम गिरधानी, दशरथ कट्ठा, रहीम शैरानी, फारूक शैरानी, सुनील डाबी, भूपेंद्र बरमंडलिया उपस्थित रहे। इनके साथ फादर जोमोन जेम्स, सिस्टर दीपा, मैनेजर फादर डिमेलो, पालक शिक्षक संघ अध्यक्ष जेम्स पॉल, चंदू पटेल, सबिता पटेल और संदीप भाबोर भी मौजूद थे। पूरे कार्यक्रम का संचालन स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा किया गया। अंत में, स्कूल के प्राचार्य फादर एंड्रयूज लोबू ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं।


