बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित अत्याचारों के खिलाफ आक्रोश:पनवाड़ में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का प्रदर्शन

झालावाड़ के पनवाड़ कस्बे में बुधवार दोपहर 12 बजे गुलमोहर चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन बांग्लादेश में हिंदू समाज पर कथित अत्याचारों के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के संयुक्त देखरेख में आयोजित किया गया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से इस्लामी जिहाद का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और समाजजन शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हिंदू समाज पर हो रहे कथित अत्याचारों की कड़ी निंदा की। प्रदर्शनकारियों ने “हिंदुओं पर अत्याचार बंद करो” और “बांग्लादेश सरकार होश में आओ” जैसे नारे लगाए, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र का माहौल गरमा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समाज पर लगातार हमले, मंदिरों में तोड़फोड़, लूटपाट और हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने इन घटनाओं को मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन बताया और आरोप लगाया कि वहां रहने वाले हिंदू समुदाय में भय का माहौल बना हुआ है, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। वक्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि इस गंभीर मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती से उठाया जाए। उन्होंने बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाकर वहां रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया। यह भी कहा गया कि भारत सरकार को कूटनीतिक स्तर पर हस्तक्षेप कर अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा के लिए पहल करनी चाहिए। इस प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात था। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, हालांकि कुछ समय के लिए गुलमोहर चौराहे पर यातायात प्रभावित रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *