विदेशों में रह रहे भारतीयों, विशेषकर हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में सर्व संगठन सकल समाज, देवली अरब-बोरखेड़ा व्यापार मंडल एवं ओबीसी प्रकोष्ठ कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में आक्रोश रैली निकाली गई। यह रैली कांग्रेस नेता दीपक नामदेव के नेतृत्व में देवली अरब-बोरखेड़ा तिरंगा चौक से कलेक्ट्रेट तक निकाली गई। रैली में सैकड़ों लोग शामिल हुए। रैली कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश में हो रही हिंसा के विरोध में नारेबाजी की तथा विदेशों में रह रहे भारतीयों के खिलाफ हो रहे अत्याचारों पर गहरा रोष व्यक्त किया। सरकार से मांग की गई कि वह विदेशों में रह रहे भारतीयों के हितों की रक्षा के लिए सशक्त और प्रभावी विदेश नीति बनाए। रैली को संबोधित करते हुए दीपक नामदेव ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हो रही हिंसा के वीडियो सामने आने से मन अत्यंत विचलित है। उन्होंने कहा कि विदेशी धरती पर हिंदुओं पर खतरा मंडरा रहा है और इस विषय पर विदेश मंत्रालय को गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए। बांग्लादेश में सामने आई क्रूरतापूर्ण और अमानवीय घटनाएं किसी भी सूरत में बर्दाश्त योग्य नहीं हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। कांग्रेस नेता विपिन बरथुनिया ने भी गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर समाज के सभी वर्ग एकजुट हैं और सरकार से आग्रह है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठोस प्रयास कर विदेशों में रह रहे हिंदू भाइयों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश के प्रतीक का पोस्टर भी जलाया।


