महाकाल के भक्तों को सहजता से मिलेगा लड्डू प्रसाद:नए वर्ष पर मंदिर समिति लगाएगी अतिरिक्त काउंटर

विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में वर्ष के अंतिम दिनों और नए वर्ष के पहले सप्ताह में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भगवान महाकाल का प्रसाद आसानी से उपलब्ध कराने के लिए मंदिर समिति ने अतिरिक्त प्रसाद काउंटर लगाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही प्रसाद निर्माण इकाई में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्री महाकालेश्वर मंदिर में मिलने वाले भगवान महाकाल के लड्डू प्रसाद की मांग पर्वों, त्योहारों और नए वर्ष के अवसर पर काफी बढ़ जाती है। शुद्ध देशी घी से निर्मित यह लड्डू प्रसाद श्रद्धालु अपने साथ घर ले जाते हैं। हर साल अंग्रेजी नव वर्ष पर देशभर से लाखों श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस बार भी लाखों दर्शनार्थियों के आने का अनुमान है। सभी को सहजता से प्रसाद उपलब्ध कराने के लिए मंदिर समिति ने विशेष व्यवस्था की है। समिति हर वर्ष की तरह इस बार भी वर्ष के अंतिम दिन और नए वर्ष के पहले दिन मंदिर परिसर में स्थित आठ प्रसाद काउंटरों के अतिरिक्त काउंटर लगाएगी। ये काउंटर बड़ा गणेश मंदिर और विक्रमादित्य टीले के पास सहित अन्य आवश्यक स्थानों पर होंगे। प्रसाद निर्माण इकाई में भी लड्डू प्रसाद का अतिरिक्त स्टॉक रखने के लिए अधिक मात्रा में प्रसाद बनाने का काम शुरू हो गया है। सामान्य दिनों में यहां करीब 50 से 60 क्विंटल प्रसाद तैयार होता है, जबकि विशेष अवसरों पर अलग से निर्माण किया जाता है। मंदिर समिति 400 रुपए प्रति किलो के भाव से प्रसाद का विक्रय करती है। यह प्रसाद 100 ग्राम, 200 ग्राम, 500 ग्राम और एक किलो के पैक में उपलब्ध रहता है। पिछले वर्ष दिसंबर के अंतिम दिन और नए वर्ष के पहले दिन, दो दिनों में 150 क्विंटल प्रसाद की बिक्री हुई थी, जिससे मंदिर समिति को लगभग 70 लाख रुपए की आय हुई थी। इस बार अधिक भीड़ के अनुमान को देखते हुए उसी आधार पर तैयारियां की जा रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *