‘न्यायोत्सव’ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड:2.50 लाख लोगों ने ली शपथ, राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस पर समापन, समारोह में बोले ADJ सोलंकी— ‘त्वरित न्याय की रोशनी हैं उपभोक्ता अधिकार

उपभोक्ता अधिकारों के प्रति देश को जागरूक करने के लिए झुंझुनूं से शुरू हुई ‘कंज्यूमर वॉइस’ की लहर ने देशभर में रिकॉर्ड कायम किया है। जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार मील के निर्देशन में 24 नवंबर से शुरू हुए 30 दिवसीय ‘कंज्यूमर वॉइस न्यायोत्सव’ का मंगलवार को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस पर समापन हुआ। अभियान की सबसे बड़ी कामयाबी यह रही कि 1 लाख शपथ का लक्ष्य मात्र 13 दिन में पूरा कर लिया गया था और समापन तक कुल 2,50,768 लोगों ने ऑनलाइन व ऑफलाइन शपथ लेकर इतिहास रच दिया। संवैधानिक अधिकारों का हो सदुपयोग जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग परिसर में आयोजित समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व एडीजे डॉ. महेंद्र कुमार सोलंकी थे। उन्होंने कहा कि लोक अदालत और उपभोक्ता अधिकार त्वरित न्याय की अमिट रोशनी हैं। हर भारतीय को आवश्यक सेवाओं के लिए संवैधानिक अधिकार मिले हुए हैं, जिनका सदुपयोग जागरूकता के साथ करना चाहिए। उन्होंने बताया कि स्थाई लोक अदालत के प्रारूप में 11 अत्यावश्यक सेवाओं की सुनवाई जिला एवं सत्र न्यायाधीश की पीठ करती है, जहां आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मुफ्त विधिक सहायता भी दी जाती है। समारोह में प्रिंस स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई उपभोक्ता जागरूकता रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। मुख्य अतिथि डॉ. सोलंकी ने जिला अभिभाषक संस्था के पदाधिकारियों के साथ इसका अवलोकन किया। इससे पूर्व बैंड वादन के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में जिला आयोग सदस्य प्रमेन्द्र कुमार सैनी, पूर्व बार अध्यक्ष सुभाष पूनिया, नवनिर्वाचित अध्यक्ष रतन मोरवाल, विनोद गिल, फुलचन्द सैनी, राजेश बागोरिया, मो. अफरोज सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, सहायक प्रशासनिक अधिकारी भीम सिंह राजपुरोहित व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *