ब्यावर के श्री जयमल जैन श्राविका मंडल का अधिवेशन हाल ही में रायपुर संघ की वरिष्ठ श्राविका ललिता तातेड की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अधिवेशन में मंडल की आगामी दो वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चयन किया गया। बैठक की शुरुआत सामूहिक नवकार महामंत्र के जाप से हुई। नवगठित कार्यकारिणी में समाज सेविका ललिता तातेड को संरक्षक नियुक्त किया गया है। मधु कोठारी को अध्यक्ष, चंचल मकाणा और लीना कोठारी को उपाध्यक्ष चुना गया। ललिता मकाणा को मंत्री, ललिता बोहरा को कोषाध्यक्ष और नीतू मकाणा को सहमंत्री का दायित्व सौंपा गया है। कार्यकारिणी में कुल 11 अन्य सदस्य भी शामिल किए गए हैं। जैनाचार्य प्रवर परम पूज्य पार्श्वचंद जी म.सा. व डॉ. पदमचंद जी म.सा. की सुशिष्या साध्वी प्रमुखा निधिश्री की विशेष आज्ञा से इस नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। मंडल की सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, संत-महापुरुषों के दर्शनार्थ यात्राओं के आयोजन का भी संकल्प लिया गया। नई कार्यकारिणी ने संघ के उन्नयन और विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का दृढ़ निश्चय व्यक्त किया है।


