डीडवाना स्थित जिला रसद अधिकारी कार्यालय में उपभोक्ता संरक्षण दिवस का आयोजन किया गया। इस वर्ष यह दिवस “डिजिटल न्याय के माध्यम से कुशल और त्वरित निपटान” थीम पर मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला रसद अधिकारी उपेंद्र ढाका ने की। इस अवसर पर जिले के राशन डीलर, पेट्रोल पंप संचालक और मॉल संचालक उपस्थित थे। कार्यक्रम में अधिकारियों ने उपभोक्ता अधिकारों, शिकायत निवारण प्रक्रिया और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर विस्तृत चर्चा की। व्यापारियों से उपभोक्ताओं को सही जानकारी देने, गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने और पारदर्शिता बनाए रखने का आग्रह किया गया। जिला रसद अधिकारी उपेंद्र ढाका ने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपभोक्ता शिकायतों का निपटान अब अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी हो गया है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर न्याय मिल रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि उपभोक्ता जागरूकता अत्यंत आवश्यक है, ताकि लोग ठगी, मिलावट और धोखाधड़ी से बच सकें। उपभोक्ता संरक्षण कानून के तहत उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद, उचित मूल्य और सही जानकारी प्राप्त करने का अधिकार है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि किसी भी समस्या की स्थिति में उपभोक्ता जिला उपभोक्ता आयोग में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। आमजन से यह भी अपील की गई कि खरीदारी करते समय बिल अवश्य लें और किसी भी अनियमितता की स्थिति में तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें।


