नगला जनूथर में बूंद-बूंद पानी को तरसे ग्रामीण:ग्रामीण चंबल पेयजल योजना और जल जीवन मिशन योजना का नहीं मिला फायदा

डीग के जनूथर गांव में ग्रामीण चंबल पेयजल योजना और जल जीवन मिशन योजना दोनों का लाभ नहीं मिलने से बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। बुधवार को ग्राम पंचायत दांतलौठी के नगला जनूथर गांव में जल जीवन मिशन योजना के फीडबैक, वेरिफिकेशन और क्रॉस-चेकिंग के लिए एक टीम पहुंची। दो सदस्यीय दल ने जैसे ही ग्रामीणों से हर घर नल कनेक्शन और पेयजल आपूर्ति को लेकर बातचीत शुरू की, ग्रामीणों ने कथित कर्मचारियों को आड़े हाथों लिया और अपनी पेयजल संबंधी समस्याओं को उनके सामने रखा। ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर नल कनेक्शन तो कर दिए गए हैं, लेकिन विभागीय अधिकारियों की अनदेखी और उदासीनता के कारण नल की टोंटियां केवल शोपीस बनकर रह गई हैं। गांव के लोगों को अभी भी एक बूंद पानी भी नसीब नहीं हो रहा है। गांव के केवल दो-चार घरों में ही अपर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि जब जल जीवन मिशन योजना के तहत कनेक्शन किए जा रहे थे, तब उन्हें उम्मीद जगी थी कि वर्षों पुरानी पेयजल समस्या से निजात मिलेगी, लेकिन योजना का लाभ नहीं मिलने से उन्हें अभी भी पेयजल की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। यह योजना केवल कागजों में सिमटकर रह गई है। इससे पहले भी ग्राम पंचायत दांतलौठी के ग्रामीणों ने भाजपा की विकास यात्रा के दौरान पार्टी प्रतिनिधियों को पेयजल समस्या को लेकर एक ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अभी भी हालात जस के तस बने हुए हैं। बिजेंद्र सिंह, मुकेश, दिनेश चंद, हरिओम सिंह, रोहिताश, हरेश कुमार, शिव सिंह, नत्थी सिंह, जगदीश, समय सिंह और सोहनलाल सहित दर्जनों ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी पेयजल समस्या का तुरंत समाधान नहीं हुआ, तो वे प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे। उन्होंने समय रहते पेयजल उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *