साउथ ईस्टर्न रेलवे के चक्रधरपुर और रांची डिवीजनों की डिवीजनल कमेटी के संसद सदस्यों की बैठक सोमवार को टाटानगर में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा के साथ हुई। इस बैठक में 11 सांसद (राज्यसभा व लोक सभा) शामिल हुए। संभागीय समिति की बैठक की अध्यक्षता सांसद विद्युतवरण महतो ने की। राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने रांची में रेल नीर प्लांट की स्थापना, तिरुनेलवेली -पुरुलिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार रांची तक करने, रांची जलपाईगुड़ी नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को दोबारा शुरू करने की मांग की। वहीं, हटिया से सिकंदराबाद नई स्पेशल (साप्ताहिक) ट्रेन का परिचालन, रांची से माता वैष्णो देवी (कटरा) के लिए नई स्पेशल सुपरफास्ट ट्रेन चलाने, हटिया से अहमदाबाद (वाया सिंगरौली, भोपाल, उज्जैन, रतलाम) के बीच नई ट्रेन चलाने समेत कई सुझाव दिए। यह भी कहा कि रांची से नई दिल्ली (वाया बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, कोडरमा) के बीच ट्रेन चलाने की पहल हो। ट्रेन सं. 08185 हटिया-दुर्ग स्पेशल का स्थाई परिचालन हो। 08689 रांची-टोरी मेमू का विस्तार शिवपुर तक किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि दक्षिण-पूर्व रेलवे के रांची व अन्य जिन रेलवे स्टेशनों के नवीनीकरण का कार्य व फुट ओवरब्रिज का निर्माण हो रहा है, वहां रैंप बनाया जाए। अब ट्रॉली बैग आ चुके हैं, इसलिए रैंप की सुविधा जरूरी है। रांची से राजधानी एक्सप्रेस प्रत्येक दिन चलाई जाए। उन्होंने टाटीसिलवे स्टेशन पर कोचिंग यार्ड की स्थापना की भी बात रखी। रेलवे परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने की सलाह दी सांसदों ने यात्रियों के लाभ के लिए ट्रेन सेवाओं, ठहराव, स्वच्छता, रेलवे परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने आदि से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर रेलवे प्राधिकरण को सलाह दी। विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधा के कई कार्यों पर जोर दिया। इन्होंने नई ट्रेनों, मौजूदा ट्रेनों के नए स्टॉपेज, स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के प्रावधान, ट्रेनों में समय की पाबंदी आदि के लिए अनुरोध किया। नई लाइनों, रोड ओवरब्रिज, अंडरपास के निर्माण और पूरा करने, ट्रेनों की आवृत्ति में वृद्धि, सेवा के विस्तार पर चर्चा की। सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, आदित्य प्रसाद, जोबा मांझी, जेएस महतो, सुखदेव भगत, कालीचरण सिंह, काली चरण मुंडा, टंकाधर त्रिपाठी भी थे। वहीं चक्रधरपुर मंडल रेल के प्रबंधक तरुण हुरिया व रांची मंडल रेल प्रबंधक जसमीत सिंह बिंद्रा भी बैठक में शामिल हुए।


