राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने सोमवार को दुलमी प्रखंड के नवनिर्मित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय का उद्घाटन किया। उल्लेखनीय है कि दुलमी आवासीय विद्यालय की छात्राओं को पिछले 7 साल से कस्तूरबा गांधी बालिका स्कूल रामगढ़ में पढ़ाई करना पड़ रहा था। मौके पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान में राज्य में 80 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस है, बहुत जल्द ही राज्य में 80 और सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस खोले जाएंगे। इससे राज्य के विद्यार्थियों को शिक्षा व्यवस्था मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा एक ऐसा रास्ता है जिसके माध्यम से ना केवल अपनी गरीबी दूर कर सकते हैं, बल्कि देश व समाज के विकास में भी अपना योगदान दे सकते हैं। मंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग को सुदृढ़ बढ़ाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा रिक्त पदों की समीक्षा की जा रही है। जल्द ही रिक्त पदों को योजनाबद्ध तरीके से भरने का कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम के आरंभ में मंत्री रामदास सोरेन सहित विधायक ममता देवी सहित अन्य अतिथियों का स्वागत झारखंडी सांस्कृतिक से सखुआ पत्ते का माला पहन कर किया।


