लोहड़ी पर सोमवार शाम 4 बजे अजनाला की गांव उगर औलख रोड पर चाइना डोर से गला कटने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। गला कटने के बाद आधे घंटे तक युवक सड़क पर तड़पता रहा। आसपास के लोगों ने जब उसे सिविल अस्पताल अजनाला पहुंचाया, तब तक ज्यादा खून बहने से युवक की मौत हो गई थी। हरदीप सिंह ने बताया कि अजनाला निवासी उसका चचेरा भाई पवनदीप (18) बाजार से कोई सामान लेने गया था। जब घर वापस आ रहा था तो रास्ते में पतंग की डोर गले में फंस गई। पवनदीप सिंह 3 बहनों का इकलौता भाई था। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से चाइना डोर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। एसएचओ सतपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हरदीप सिंह ने बताया कि पवनदीप के परिजनों ने उसे जाते हुए डोर से बचकर बाइक चलाने को भी कहा था।
ं


