भास्कर न्यूज| लुधियाना तियां दी लोहड़ी का जश्न इस बार अनाथ बच्चों के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न अनाथालयों और आश्रमों में पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य और पतंगबाजी का आयोजन किया गया। समाजसेवी संस्थाओं ने इस आयोजन में हिस्सा लेकर त्योहार को और खास बना दिया। बच्चियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और पूरे उत्साह के साथ लोहड़ी का आनंद लिया। लुधियाना में इस बार तियां दी लोहड़ी का उत्सव अनाथ बच्चों के साथ मिलकर मनाने का जो प्रयास हुआ, उसने समाज में एक नई मिसाल कायम की है। श्री बालाजी प्रेम आश्रम और निखिल विद्यालय में गुरु माता नरेश देवी सेवा संघ के सदस्यों ने लोहड़ी का जश्न मनाया। इस मौके पर भजन गाए गए और श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। पतंगबाजी, संगीत और नृत्य ने त्योहार की खुशी को दोगुना कर दिया। आश्रम के सदस्यों ने मिलकर पार्टी और पारम्परिक व्यंजनों का आनंद लिया। बच्चों के बीच उपहार बांटे गए, जिससे पूरे माहौल में खुशी की लहर दौड़ गई। बालघर धाम तलवंडी खुर्द बालघर धाम तलवंडी खुर्द में कई संस्थाओं ने तियां दी लोहड़ी का जश्न मनाया। क्लियो फाउंडेशन, जेसिका का ग्लोबल करियर, आरज़ू हॉस्पिटल रारा साहिब, हिंद फ्रेंड्स क्लब जगराओं, महावीर दुशहरा कमेटी दाना मंडी जगराओं और एसजीबी सेवा समिति माछीवाड़ा साहिब जैसी संस्थाओं ने बच्चों के साथ मिलकर त्योहारों को खास बनाया है। पंजाबी लोकगीत सुंदर मुंदरिये… गाते हुए और नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान बच्चों को उपहार और मिठाइयां भी दी गईं।


