भास्कर न्यूज | बालोद शहीद दुर्वासा निषाद शासकीय कॉलेज अर्जुंदा में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवकों ने युवाओं के आदर्श स्वामी विवेकानंद की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया। मुख्य अतिथि जिला संगठक राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. लीना साहू थी। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद को राष्ट्रीय सेवा योजना का प्रतीक पुरुष के रूप में माना गया है। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को स्वामी विवेकानंद के जीवन संघर्षों और उनके बताए आदर्शों, सिद्धांतों, विचारों को ,अपने जीवन में आत्मसात कर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य डॉ. सोमाली गुप्ता ने स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से अपने छात्र जीवन में शिक्षा के साथ-साथ समाज सेवा राष्ट्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास, चरित्र निर्माण और निस्वार्थ भाव के साथ कार्य कर अच्छा इंसान बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी रासेयो डॉ. प्रदीप कुमार प्रजापति, स्वयंसेवक यशवंत कुमार टंडन, दानेश्वर सिन्हा ने स्वामी विवेकानंद के जीवनी पर जानकारी दी। युवा दिवस के अवसर पर रंगोली, पोस्टर और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।


