इंदौर में हेलमेट जागरूकता अभियान:डीसीपी बोले-500 मीटर हो या 500 किलोमीटर, हेलमेट जरूरी; जिम्मेदार वाहन चालकों को दिए गिफ्ट

इंदौर के ट्रैफिक को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में बुधवार को विजय नगर चौराहे पर हेलमेट जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को हेलमेट के महत्व के प्रति जागरूक करना था, क्योंकि सड़क हादसों में मौत का सबसे बड़ा कारण सिर में गंभीर चोट लगना होता है। इस पहल के तहत महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं सहित दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलमेट वितरित किए गए। डीसीपी आनंद कलादगी ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा का महत्व समझाते हुए कहा कि टू व्हीलर से घर से निकलते समय हमेशा हेलमेट पहनें। सफर चाहे 500 मीटर का हो या 500 किलोमीटर का, दुर्घटना की संभावना हर समय बनी रहती है। इसलिए अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को हेलमेट का वितरण किया और उन्हें हेलमेट लगाकर वाहन चलाने की हिदायत भी दी। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले सैकड़ों वाहन चालकों पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा कार्रवाई भी की गई है। जागरूकता अभियान के दौरान ट्राई साइकिल सवार फूड डिलीवरी बॉय ने हेलमेट लगा रखा था। डीसीपी ने युवक की सराहना कर गुलदस्ता दिया। युवक ने भी कहा कि हेलमेट से हमारी सुरक्षा है, सभी को हेलमेट लगाना चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *