भास्कर न्यूज | झालावाड़ आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को कलेक्टर अजयसिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को आगामी बजट के संबंध में अपने विभाग से संबंधित जनहित को ध्यान में रखते हुए कराए जाने वाले महत्वपूर्ण कार्यों के प्रस्ताव बनाकर शीघ्र भिजवाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लम्बित चल रहे प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ई-फाईलों का निस्तारण भी कम से कम समय में करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-फाईल अधिक समय तक पेंडिंग है तो उच्च अधिकारियों के ध्यान में लाए तथा सभी अधिकारी राजकीय कार्यों का यथा समय निस्तारण करना सुनिश्चित करें। सभी स्कूलों में 20 को होगी नशा मुक्ति की शपथ कलेक्टर ने टोबेको फ्री यूथ की समीक्षा बैठक में जिले के सभी स्कूलों में 20 जनवरी को नशा मुक्ति से संबंधित शपथ दिलवाने की तैयारी के संबंधित अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए। बैठक में कलेक्टर ने शिक्षा, जेवीवीएनएल, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, सार्वजनिक निर्माण, सिंचाई, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम सत्यनारायण आमेटा, एएसपी (महिला अनुसंधान सेल) विजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। जिला प्रशासन, जिला रोजगार कार्यालय (मॉडल केरियर सेंटर), झालावाड़ एवं राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पी.जी. कॉलेज), झालावाड़ के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रोजगार सहायता शिविर 16 जनवरी को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पी.जी. कॉलेज) में आयोजित किया जाएगा। जिसमें जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण के विशेष अवसर प्राप्त होंगे जिला रोजगार अधिकारी अंकुर शर्मा ने बताया कि शिविर में युवाओं को नर्सिंग स्टॉफ, लर्नर, क्वालिटी चौक असिस्टेंट, फिटर, सिक्योरिटी गार्ड, फील्ड ऑफिसर पदों पर रोजगार प्रदान करने के लिए निजी कम्पनियों द्वारा चयन किया जाएगा। इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं उत्तीर्ण या इससे अधिक, आयु 18 वर्ष से 35 वर्ष निर्धारित है। साथ ही विभिन्न प्रशिक्षण दात्री,ऋणदात्री संस्थानों द्वारा रोजगार व स्व रोजगार प्रशिक्षण एवं ऋण के लिए आशार्थियों का चयन किया जाएगा एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रोजगार सहायता शिविर में 09 से अधिक निजी क्षेत्र के नियोजक लगभग 800 से अधिक रिक्तियों पर भर्ती करेगें। शिविर में फाईनेन्स, एग्रीकल्चर, सिक्युरिटी सर्विस, टेक्नीकल, बीमा आदि सर्विस सेक्टर से संबंधित कम्पनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होगें।


