झालावाड़| शहर के निजी स्कूल में सोमवार को दंत जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर डॉ. श्रेया अग्रवाल ने स्कूल में बच्चों से कहा कि बढ़ती उम्र में टेड़े-मेड़े दांतों का इलाज कराना बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि हमारी मुस्कान हमारे चेहरे को आकर्षक बनाती है और मुस्कान क़ायम रखने के लिए दांतों का स्वस्थ व सुंदर होना आवश्यक है। शिविर में डॉ. सोनल सोलंकी ने बताया कि बच्चों को दांतों की नियमित सफ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दांतों में दर्द होने पर, मसूड़ों में खून आने पर, दांतों में कीड़ा लगने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए। स्कूल प्रबंधक दीपशिखा ने बताया कि रूप नगर स्कूल में बच्चों की सेहत का पूर्ण ध्यान रखने का प्रयास किया जाता है।


