नर्मदापुरम में एसी पार्ट्स चुराने वाली गैंग एक्टिव:5 दुकानों से की चोरी, रात में छत से गायब किए एसी के आउटडोर यूनिट

नर्मदापुरम शहर में इंदिरा चौक के पास स्थित इतवारा बाजार की दुकानों में एसी के पार्ट्स चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरों ने दुकानों की छत पर लगे एसी के आउटडोर यूनिट के पार्ट्स और कॉपर तार चुरा लिए। घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर दोपहर करीब 2 बजे डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। बाद में शाम को कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया। चोरी की जानकारी बुधवार दोपहर उस समय लगी जब दुकानें खोली गईं। केदारनाथ वस्त्र भंडार के संचालक संजय रूशिया ने बताया कि उन्होंने दुकान खोलकर एसी चालू किया, लेकिन वह शुरू नहीं हुआ। जब छत पर जाकर देखा तो एसी का आउटडोर यूनिट गायब था। पड़ोस की दुकानों के संचालकों को जानकारी दी गई तो कवर क्लॉथ, अनुकूल गारमेंट, मोहित गारमेंट और कपिल ड्रेसेस की दुकानों के एसी के आउटडोर पार्ट्स भी चोरी पाए गए। छत की टीन उखाड़कर एसी के पार्ट्स चुराए
दुकानदारों ने बताया कि चोरों ने छत की टीन उखाड़कर ताले में बंद एसी के पार्ट्स और कॉपर तार निकाल लिए। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। दुकानदारों का कहना है कि इतवारा बाजार की दुकानों की छत पर जाने का रास्ता खुला रहता है, जिससे रात के समय लोग आसानी से छत पर पहुंच जाते हैं। दुकान संचालक शैलेन्द्र और संजय रूशिया ने बताया कि रात में कई लोग छत पर शराब पीने और जुआ खेलने आते हैं। कुछ लोग वहां आग भी जलाते हैं, जिससे कपड़े की दुकानों में आग लगने का खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि एसी के पार्ट्स चोरी की यह पहली घटना नहीं है। पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन उस समय केवल साधारण आवेदन लिया गया था। पुलिस सीसीटीवी चोरों की तलाश में जुटी
कोतवाली थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि दुकानदारों की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। किसी संदिग्ध के सामने आने पर उससे पूछताछ की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *