कटनी में एक बुजुर्ग महिला गंगी बाई पटेल ने बुधवार को जमीन धोखाधड़ी के खिलाफ अपने परिवार के साथ मशीन चौक पर धरना दिया। कुठला थाना क्षेत्र की निवासी गंगी बाई का आरोप है कि रसूखदारों ने उनकी कीमती जमीन छल-कपट से हड़प ली है और प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा। धोखे से दूसरी कीमती जमीन की रजिस्ट्री करवाने का आरोप गंगी बाई पटेल के अनुसार, यह विवाद उनके पति रामकृपाल पटेल की जमीन से संबंधित है। उन्होंने सुभाष पांडेय और देवेंद्र मिश्रा पर धोखाधड़ी की साजिश रचने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपियों ने जिस जमीन का इकरारनामा किया था और जिसके लिए भुगतान किया था, उसके बजाय धोखे से दूसरी कीमती जमीन की रजिस्ट्री करवा ली। आरोप है कि रजिस्ट्रार कार्यालय में दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ की गई। महिला के अनुसार, उन्हें झांसे में रखकर एक जमीन की कीमत पर छलपूर्वक दो जमीनों की रजिस्ट्री करा ली गई। एक की कीमत पर दो जमीनों की रजिस्ट्री का आरोप गंगी बाई पटेल ने बताया कि वह लंबे समय से कलेक्ट्रेट और वरिष्ठ अधिकारियों के चक्कर काट रही हैं। उन्होंने कलेक्टर को कई बार शिकायत पत्र सौंपे, लेकिन आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिला ने कहा कि प्रशासन द्वारा उनकी बात न सुने जाने के कारण उन्हें मजबूरन अपने परिवार और सहयोगियों के साथ सड़क पर उतरना पड़ा। मुख्यमंत्री कार्यालय, भोपाल के सामने आत्मदाह की दी चेतावनी प्रदर्शन के दौरान गंगी बाई ने प्रशासन को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें जल्द न्याय नहीं मिला और उनकी जमीन वापस नहीं मिली, तो वह अपने पूरे परिवार के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय, भोपाल के सामने आत्मदाह करेंगी। इस चेतावनी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। सीएसपी के आश्वासन के बाद खत्म किया धरना मशीन चौक पर धरने और भीड़ की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीएसपी ने आक्रोशित महिला और उनके परिजनों को मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों की समझाइश और कार्रवाई के भरोसे के बाद महिला ने फिलहाल धरना समाप्त कर दिया।


