श्योपुर में ‘हेलमेट लगाओ-जीवन बचाओ’ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस 21 दिवसीय अभियान का मकसद सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन ड्राइवरों की मृत्यु दर को कम करना है। यह अभियान 11 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक संचालित होगा। महाराणा प्रताप चौराहे, बड़ौदा रोड पर हुई चेंकिंग अभियान के तहत, बुधवार को शहर के महाराणा प्रताप चौराहे (यातायात थाने के सामने), बड़ौदा रोड (पुलिस कंट्रोल रूम के सामने) और पाली रोड (देहात थाने के सामने) पर विशेष चेकिंग की गई। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे 59 चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए ₹17,700 का समन शुल्क वसूला गया। पुलिस ने चालकों को हेलमेट के महत्व के बारे में समझाया और उन्हें हमेशा हेलमेट पहनने की सलाह दी। साथ ही, उन्हें अपने परिवार और मित्रों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने को कहा गया। हेलमेट न पहनने से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई। 2025 में हेलमेट न पहनने से 45 मौतें हुईं श्योपुर जिले में 2024 में दोपहिया वाहन चालकों से संबंधित कुल 152 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें बिना हेलमेट के कारण 59 लोगों की मृत्यु हुई। वर्ष 2025 में ऐसी 160 दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 45 लोगों की जान हेलमेट न पहनने की वजह से गई। हेलमेट पहनकर बाइक-स्कूटी चलाने की अपील पुलिस ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, पत्रकार बंधुओं और गणमान्य नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा और परिवार की खुशहाली के लिए सभी व्यक्तियों को हेलमेट लगाकर दुपहिया वाहन चलाने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करें। यह अभियान दोपहिया वाहन चालकों के जीवन की रक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करने हेतु चलाया जा रहा है।


