छिंदवाड़ा नगर निगम क्षेत्र में चल रहे सीवरेज लाइन के कार्य में अव्यवस्था और लापरवाही को लेकर बुधवार को नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक हंगामेदार रही। बैठक में पार्षदों, सभापतियों और सीवरेज कार्य कर रही कंपनी के अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। काम की धीमी रफ्तार और गुणवत्ता को लेकर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जाहिर की। बैठक में पार्षद पति मनोज सक्सेना ने कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अधूरे और खराब काम की वजह से आम जनता परेशान है। लोगों का गुस्सा जनप्रतिनिधियों पर निकल रहा है, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो रही है। उनकी तीखी टिप्पणी के बाद बैठक का माहौल और गरमा गया। खोदी गई सड़कों से बढ़ी परेशानी पार्षदों ने बताया कि कई वार्डों में सड़कें खोदने के बाद उनकी मरम्मत नहीं की गई है। जगह-जगह बने गड्ढों से हादसों का खतरा बढ़ गया है और नागरिकों को रोजाना आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों के बाद भी सुधार नहीं होने से आक्रोश बढ़ रहा है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लगाए आरोप बैठक में महापौर, नगर निगम अध्यक्ष सोनू मांगो और निगम कमिश्नर सीपी राय मौजूद रहे। पार्षदों ने कंपनी के कर्मचारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए, वहीं कंपनी पक्ष ने अभद्र व्यवहार की शिकायत की। अधिकारियों ने आपसी समन्वय से काम करने की बात कही, लेकिन सीवरेज कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर सवाल अभी भी बने हुए हैं।


