पड़ोसी ने 4 साल के बच्चे का अपहरण किया:रोने पर गला दबाकर मार डाला, 15 दिन शव खंडहर में पड़ा रहा; आरोपी गिरफ्तार

पन्ना में पड़ोसी ने फिरौती के लिए 4 साल के बच्चे का अपहरण किया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना अमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जसवंतपुरा की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, 9 दिसंबर 2025 को राजू कोरी का 4 साल का बेटा दुर्गेश उर्फ सौरभ अचानक घर के बाहर से गायब हो गया था। काफी तलाश के बाद जब बच्चा नहीं मिला, तो परिजन ने अमानगंज थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। ये है पूरा मामला पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने बताया कि पुलिस ने जब तकनीकी सबूतों और मुखबिरों की मदद से जांच शुरू की, तो शक पड़ोस में ही रहने वाले 19 साल के राजेंद्र कोरी पर हुआ। पुलिस ने बताया कि बच्चे को 9 दिसम्बर को ही अगवा किया गया था। लेकिन बच्चे के मां को याद कर शोर मचाने पर आरोपी ने उसी दिन गला दबा कर हत्या कर दी थी। शव को गांव के पास खंडहर में फेंक दिया था। आरोपी को आज बुधवार को शक के आधार पर पकड़ा गया जिसमें उससे पूछताछ में बताया कि शव खंडहर के पीछे है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने जब राजेंद्र को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने फिरौती की मोटी रकम वसूलने के लिए बच्चे को अगवा किया था और उसे गांव के ही एक सूने मकान में छिपा दिया था। लेकिन बच्चे की मौत की वजह से वह फिरौती नहीं मांग सका। पन्ना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *