क्रिसमस की पूर्व संध्या पर विशेष प्रार्थना:गिरजाघरों में कैंडल जलाकर की गई ज्योति की आराधना

हरदा में क्रिसमस के आगमन को लेकर शहर के चर्च घर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठे हैं। जैसे ही शाम ढलती है, चर्च परिसरों में सजी लाइटों का मनमोहक नजारा देखने को मिल रहा है। चारों ओर फैली रंगीन झालरें, चमकते सितारे और आकर्षक क्रिसमस ट्री पूरे क्षेत्र को उत्सव के रंग में रंग रहे हैं। शहर के विभिन्न चर्चों के बाहर से लेकर भीतर तक विशेष सजावट की गई है। रोशनी से सजे चर्च दूर से ही लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। क्रिसमस के साथ-साथ नववर्ष के स्वागत की तैयारियां भी जोरों पर हैं। ईसीएस चर्च में प्रतिदिन हो रहे आयोजन
शहर के नारायण टॉकीज के पास स्थित ईसीएस चर्च में क्रिसमस और नववर्ष के उपलक्ष्य में प्रतिदिन विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। चर्च परिसर में आकर्षक विद्युत सजावट की गई है, वहीं प्रभु यीशु मसीह के जन्म को दर्शाती सुंदर झांकी भी सजाई गई है। ज्योति आराधना में उमड़ा मसीही समाज
बुधवार शाम को मसीही समाज के लोगों ने चर्च पहुंचकर ज्योति की आराधना की। इस दौरान बाइबल के वचनों का पाठ किया गया और सैकड़ों कैंडल जलाकर प्रभु यीशु की आराधना की गई। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। फादर अजय त्योफिल बोले—क्रिसमस प्रेम और शांति का संदेश
चर्च के फादर अजय त्योफिल ने बताया कि बुधवार शाम ज्योति की आराधना का आयोजन किया गया, जिसमें समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।उन्होंने कहा कि“क्रिसमस केवल उत्सव का दिन नहीं है, बल्कि यह प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश देने का अवसर है। प्रभु यीशु का जन्म मानवता, करुणा और सेवा का प्रतीक है।” भजन-कीर्तन और प्रार्थनाओं से भक्तिमय हुआ माहौल
क्रिसमस की खुशी में मसीही समाज के लोग चर्च पहुंचकर प्रभु यीशु मसीह के जन्म की खुशियां मना रहे हैं। भजन-कीर्तन और सामूहिक प्रार्थनाओं से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *