आज पूरे राजस्थान में मकर संक्रांति मनाई जा रही है। इसके साथ जयपुर और सीकर समेत प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार सुबह से ही पतंगबाजी शुरू हो गई। शहर की छतों पर लोगों की चहल-पहल और पतंगबाजी का उत्साह देखने लायक है। रंग-बिरंगी पतंगों से सजे आसमान और धुनों की गूंज के बीच पतंगबाजी का शोर हर गली में सुनाई दे रहा है। जयपुर की पतंगबाजी का अलग ही अंदाज है, जो इसे देश-विदेश में मशहूर बनाता है। हर साल संक्रांति के इस खास मौके पर जयपुर के बाजारों और छतों पर लोगों का जमावड़ा देखने को मिलता है। इस साल भी परकोटे की गलियों और बाजारों में पतंग और मांझे की खरीदारी देर रात तक जोरों पर रही। जयपुर एयरपोर्ट के पास 13 कॉलोनियों में पतंगबाजी पर रोक
जयपुर में एयरपोर्ट के आसपास करीब 1 किलोमीटर में रहने वाले लोग पतंगबाजी नहीं कर सकेंगे। इसके लिए पुलिस ने नोटिस जारी किया है। इसमें लिखा है कि मकर संक्रांति पर पतंग और लालटेन (लैंटर्न) का उपयोग न करें।


