सोमवार को इंदौर सराफा बाजार में सोने की कीमतों में तेजी देखी गई। वैवाहिक सीजन के कारण ज्वैलर्स में सोने की मांग अधिक रही, जिसके चलते सोने का भाव 350 रुपए प्रति दस ग्राम बढ़कर 80,100 रुपए प्रति दस ग्राम तक पहुंच गया। शनिवार को सोना 79,750 रुपए पर बंद हुआ था। वहीं, उज्जैन में सोना 80,300 रुपए प्रति दस ग्राम और रतलाम में 79,850 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव पर बिक रहा था। विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी दिनों में शादी के सीजन के कारण सोने की मांग और बढ़ सकती है। चांदी की कीमतों में गिरावट आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी वायदा 33 सेंट घटकर 30.03 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इसका असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा और इंदौर में चांदी चौरसा 500 रुपये की गिरावट के साथ 91,400 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई, जबकि शनिवार को यह 91,900 रुपए थी। कॉमेक्स में सोना वायदा 2,689 डॉलर के स्तर को छूने के बाद 2,677 से 2,693 डॉलर प्रति औंस के दायरे में कारोबार करता रहा। वहीं, चांदी 29.90 से 30.48 डॉलर प्रति औंस के बीच रही। इंदौर में चांदी का सिक्का 1,050 रुपए प्रति नग और उज्जैन में 1,000 रुपए प्रति नग के भाव पर बिका। सोयाबीन तेल की कीमतों में बढ़ोतरी जारी रही है। इंदौर में सोयाबीन तेल 10 रुपए बढ़कर 1295-1300 रुपए प्रति 10 किलो पर बिक रहा है, जबकि पाम तेल का भाव 1405-1410 रुपए प्रति 10 किलो तक पहुंच गया है। इस सप्ताह भी तेल की कीमतों में वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। सोयाबीन और सरसों के भाव में भी उथल-पुथल जारी है। सोयाबीन की कीमत मंडी में 4,250 रुपए प्रति क्विंटल रही, जबकि सरसों निमाड़ी (बारीक) 5,900-5,950 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर बिक रही थी। अगले दो-तीन दिन में घरेलू बाजार में नारियल की आवक प्रभावित रहने की संभावना है। पोंगल के त्योहारी मौसम में तमिलनाडु और दक्षिण भारत के अन्य राज्यों के ज्यादातर बाजार बंद रहने से नारियल की कीमतों में तेजी देखी गई। इंदौर में नारियल के दाम में 50-100 रुपए प्रति बोरी की वृद्धि हुई। लहसुन की कीमतों में गिरावट आई है, क्योंकि नई लहसुन की आवक हुई है। लहसुन मंडी में सुपर माल 12,000 से 16,000 रुपए, एवरेज माल 8,000 से 10,000 रुपए और मीडियम 6,000 से 9,000 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर बिक रहा था। प्याज के भाव में भी मंदी रही, जहां प्याज सुपर 2,100 से 2,200 रुपए, मीडियम 1,700 से 1,900 रुपए और गोल्टा 1,000 से 1,300 रुपए प्रति क्विंटल पर बिका। आलू की कीमतों में 300 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी आई, और यह 1,400 से 2,000 रुपए प्रति क्विंटल के बीच बिका। मूंग के भाव में 200 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई, जबकि तुवर और चने के दाम में गिरावट दर्ज की गई। तुवर दाल में कारोबार बेहद सुस्त होने के कारण 300 रुपए की गिरावट देखी गई। चना कांटा 50 रुपए घटकर 6,600 रुपए प्रति क्विंटल और विशाल चना 6,300 रुपए प्रति क्विंटल पर रहा। काबुली चने की आपूर्ति अधिक होने और मांग सुस्त रहने के कारण काबुली चने के दाम में नरमी आई, और यह 200 रुपए प्रति क्विंटल तक घट गया। इसके अलावा, छावनी अनाज मंडी में मंगलवार को मकर संक्रांति के अवसर पर अवकाश रहेगा। नारियल के साथ-साथ शकर और गुड़ की कीमतों में भी तेजी आई। शकर 3,790-3,810 रुपए प्रति क्विंटल, और गुड़ भेली 3,500-3,600 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर बिका। वहीं, खोपरा गोला और खोपरा बूरा के भाव भी बढ़े। साथ ही, सूखे मेवों के दाम भी बढ़े। काजू, बादाम, पिस्ता और किशमिश के दामों में भी उछाल देखा गया। काजू डब्ल्यू 240 नंबर 975 रुपए, काजू डब्ल्यू 320 नंबर 875-900 रुपए और बादाम इंडिपेंडेंट 775-786 रुपए प्रति किलो तक बिका।


