नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने जमीन मामलों की जांच के लिए एसआईटी बना कर लोगों का भयादोहन और वसूली मामले की सीएम से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है, समाचारों से पता चला है कि पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता द्वारा सीआईडी में भयादोहन और वसूली के लिए बनाए गए जमीन मामलों की जांच वाले एसआईटी को भंग कर दिया गया है। लेकिन जिनका भयादोहन किया गया, उनको न्याय कैसे मिलेगा। यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी तो आगे ऐसी लूट पर अंकुश कैसे लगेगा? मरांडी ने आगे कहा है कि हमें बताया गया है एसआईटी के एएसपी रहे दीपक कुमार जिन्हें अनुराग गुप्ता के साथ ही वहां से हटा दिया, उन्होंने गुप्ता के लिये टूलकिट की तरह काम करके न सिर्फ जमीन के मामले, बल्कि सीआईडी के दूसरे कामों में भी सबसे ज्यादा धांधली की है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सीएम से मांग की है कि वैसे लोगों से शिकायत मंगाएं, जिनको उस एसआईटी/ सीआईडी के अधिकारियों ने लूटा है।


