देश के सभी राज्य बार काउंसिलों के चुनाव में महिलाओं को 30 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देना होगा। बार काउंसिल आफ इंडिया (बीसीआइ) ने इसे अनिवार्य कर दिया है। इस संबंध में बीसीआई ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कुल सीटों में से 20 प्रतिशत सीटें चुनाव के माध्यम से और 10 प्रतिशत सीटें नामांकन के जरिए महिलाओं से भरी जाएंगी। यदि चुनाव में पर्याप्त महिला उम्मीदवार नहीं मिलती हैं तो शेष सीटें भी नामांकन के माध्यम से भरकर 30 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा। बीसीआई ने यह भी साफ किया है कि बार काउंसिल चुनाव की पूरी प्रक्रिया (नामांकन, मतदान, मतगणना और परिणाम) उच्च स्तरीय चुनाव समिति के नियंत्रण और निगरानी में होगी। चुनाव से जुड़ी किसी भी शिकायत या विवाद के लिए यही कमेटी पहली और बाध्यकारी मंच होगी। सिविल कोर्ट या हाईकोर्ट में ऐसे मामलों में याचिका स्वीकार नहीं की जाएगी। यह निर्देश सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में जारी किए गए हैं और झारखंड सहित सभी राज्य बार काउंसिलों पर तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।


