प्रेम ही ईश्वर है का सार्वभौमिक संदेश देने वाले यीशु मसीह का अवतरण दिवस क्रिसमस पर्व गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास से मनाया जाएगा। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर बुधवार को शहर के चर्च और कॉलोनियों को आकर्षक रोशनी, क्रिसमस ट्री, सितारों और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया। बाजारों और शॉपिंग मॉल में भी क्रिसमस की रौनक दिखाई दी। लोगों ने केक, सजावटी सामग्री और उपहारों की जमकर खरीदारी की। बुधवार रात्रि को चर्च में मिडनाइट प्रेयर और वॉच नाइट सर्विस का आयोजन श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में ईसाई श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इसके बाद मध्यरात्रि को प्रभु यीशु मसीह के जन्म का पावन संदेश दिया गया। मिडनाइट प्रेयर के दौरान चर्च में प्रार्थनाएं, बाइबिल पाठ, कैरल सिंगिंग और भक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुतियां हुईं। पास्टर ने अपने संदेश में प्रेम, करुणा, क्षमा और मानव सेवा को जीवन का मूल मंत्र बताया। प्रभु यीशु के जन्म की झांकी प्रस्तुत की गई, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कैंडल लाइट सर्विस के माध्यम से शांति और प्रकाश का संदेश दिया गया। इन चर्चों में होंगे क्रिसमस प्रोग्राम : क्रिसमस पर्व को लेकर जयपुर के सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च (एमआई रोड), ऑल सेंट्स चर्च (सी-स्कीम), सेंट जेवियर्स चर्च (अशोक मार्ग), होली रिडीमर चर्च (मालवीय नगर), एलएलजेएम चर्च (मानसरोवर), न्यू इंडिया चर्च ऑफ गॉड (वैशाली नगर) सहित अन्य चर्चों में विशेष प्रार्थनाएं और धार्मिक आयोजन होंगे। गुरुवार को सभी चर्च में सुबह से ही विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित होंगी। पास्टरों की अगुवाई में सामूहिक प्रार्थनाएं, पवित्र बाइबिल के संदेश, प्रवचन और भजन-कीर्तन होंगे। बच्चों द्वारा नाटिकाएं, गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनके माध्यम से प्रभु यीशु के जीवन, त्याग और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। चर्च परिसरों में कैंडल लाइट सर्विस, सामूहिक गायन और सामुदायिक मेल-मिलाप के कार्यक्रम भी होंगे। बच्चों और शिक्षकों ने क्रिसमस मनाया क्रिसमस पर एसआरएन इंटरनेशनल स्कूल (कैम्ब्रिज विंग) की ओर से एक होटल में एल्फी परेड 2025 का आयोजन हुआ। इसमें बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों और मेहमानों ने क्रिसमस मनाया। इस मौके पर उषा शर्मा, रवि शर्मा समेत अनेक शिक्षक मौजूद रहे। परेड में छात्रों ने जुलूस निकाला, जो खुशी, एकता और क्रिसमस का प्रतीक रहा। इसके बाद बच्चों ने नृत्य, क्रिसमस कैरोल की प्रस्तुति दी। छात्रों की कला प्रदर्शनी और फेस्टिव बेक स्टूडियो आकर्षण का केंद्र रहे।


