अंबिकापुर | शंकरगढ़ थाना परिसर में 25 दिसंबर को मनाए जाने वाले क्रिसमस पर्व के मद्देनजर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नायब तहसीलदार गजराज सिंह, थाना प्रभारी, जनप्रतिनिधि व शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना रहा। नायब तहसीलदार गजराज सिंह ने कहा कि सभी समुदाय आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और जनता की साझा जिम्मेदारी है। थाना प्रभारी ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी और सहयोग की अपेक्षा जताई। अंत में सभी ने शांतिपूर्ण आयोजन का संकल्प लिया।


