चातुर्मास के बाद जैन संतों का जयपुर से विहार शुरू हो गया है। बुधवार को श्रमणाचार्य विनिश्चय सागर महाराज ससंघ ने जयपुर शहर से कानोता के लिए विहार कर लिया। इससे पहले साधु संतों ने राजस्थान विधानसभा भवन का अवलोकन किया। इस मौके पर विधायक कैलाश वर्मा, राजेन्द्र गुर्जर व रवि जैन ने संतों की अगुवानी की। विधानसभा के कार्मिकों ने आचार्य ससंघ से आशीर्वाद प्राप्त किया। संतों का यह संघ जनकपुरी इमली वाला फाटक दिगंबर जैन मंदिर से मंगल विहार करता हुआ विधानसभा भवन पहुंचा। इस मौके पर राजस्थान जैन सभा के उपाध्यक्ष विनोद कोटखावदा, श्री धर्म जागृति संस्थान के अध्यक्ष पदम चन्द बिलाला, मंदिर समिति अध्यक्ष बुद्धि प्रकाश छाबड़ा व मंत्री देवेन्द्र कासलीवाल भी मौजूद रहे। इसके बाद संतों ने लालकोठी के श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, बापूनगर गणेश मार्ग पर श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन चैत्यालय, मुल्तान दिगंबर जैन मंदिर, सेठी कालोनी दिगंबर जैन मंदिर के दर्शनों का लाभ लिया। इस दौरान मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पाद पक्षालन किया गया। शाम को संतों का खानिया स्थित मुरलीधर राणा की नसिया में भव्य मंगल प्रवेश हुआ।


