बूंदी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। डाबी पुलिस ने सोमवार को एक गुप्त सूचना के आधार पर कोटा-चितौड़ मार्ग पर नाकेबंदी की, जहां एक सफेद क्रेटा कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार चालक ने नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश की, लेकिन बैरिकेड से टकराकर कार रुक गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने कार से 16 कट्टों में कुल 242 किलो 78 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया। पुलिस ने हरियाणा के कैथल जिले के दो युवकों-अमनदीप सिंह पुत्र जगदीश सिंह (मलिकपुर, गुहला) और श्रवण सिंह पुत्र भाग सिंह (महमूदपुर, गुहला) को गिरफ्तार किया है। डाबी एसएचओ अनिल जोशी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मादक पदार्थों के साथ क्रेटा कार भी जब्त की है। आरोपी मादक पदार्थ के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


